11 ओवर, 33 रन और 6 विकेट! रेस्ट ऑफ इंडिया को चैंपियन बनाने वाले भारतीय गेंदबाज के इस स्पेल को सदियों तक याद रखा जाएगा

ईरानी कप 2026 के चौथे और अंतिम दिन बिहार के दो तेज गेंदबाजों मुकेश कुमार और आकाश दीप की घातक गेंदबाजी के सामने जम्मू-कश्मीर की बैटिंग ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।

279 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही जम्मू-कश्मीर की पूरी टीम दूसरी पारी में महज 111 रनों पर सिमट गई, जिसके चलते शेष भारत (रेस्ट ऑफ इंडिया) ने 167 रनों के विशाल अंतर से मुकाबला जीतकर ईरानी कप का खिताब अपने नाम कर लिया।

पहली पारी में 41 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करने वाली जम्मू-कश्मीर की टीम को ट्रॉफी जीतने के लिए सिर्फ मैच ड्रॉ कराने की दरकार थी, लेकिन भारतीय पेस अटैक ने उसके ऐतिहासिक सपने को चकनाचूर कर दिया।

चौथे दिन के खेल में जम्मू-कश्मीर को सलामी जोड़ी शुभम खजूरिया (32) और कामरान इकबाल (32) ने पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़कर सधी हुई शुरुआत दिलाई थी। इस मजबूत दिख रही साझेदारी को आकाश दीप ने इकबाल को पगबाधा (LBW) आउट कर तोड़ा। इसके बाद शुरू हुआ बंगाल की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले बिहार के लाल मुकेश कुमार का खौफनाक स्पेल। मुकेश ने लंच से ठीक पहले 15वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर पहले शुभम पुंडीर और फिर अगली ही गेंद पर अनुभवी कप्तान पारस डोगरा (0) का मिडिल स्टंप उखाड़कर विपक्षी खेमे में खलबली मचा दी। लंच तक जम्मू-कश्मीर ने 3 विकेट खोकर 89 रन बना लिए थे।

लंच ब्रेक के तुरंत बाद पहली ही गेंद पर आकाश दीप ने सेट बल्लेबाज शुभम खजूरिया को पवेलियन भेजकर मुकाबले का रुख पूरी तरह शेष भारत की तरफ मोड़ दिया। इस झटके से जम्मू-कश्मीर की टीम उबर नहीं सकी और अगले 9 ओवरों के भीतर केवल 22 रन जोड़कर उसके बाकी बचे 6 विकेट गिर गए। मुकेश कुमार ने कहर बरपाते हुए दूसरी पारी में 11 ओवर में मात्र 33 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जबकि पहली पारी में भी उन्हें 2 सफलताएं मिली थीं। दूसरी छोर से आकाश दीप ने 25 रन देकर 3 विकेट झटके और पूरे मैच में कुल 6 विकेट अपने नाम किए।

आगामी न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से ठीक पहले आकाश दीप का यह आक्रामक प्रदर्शन भारतीय टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। चोट से उबरने के बाद पूरी लय में लौटे आकाश ने अपनी रफ्तार और स्विंग से साबित कर दिया कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए पूरी तरह फिट हैं। इससे पहले रविवार सुबह शेष भारत ने अपनी दूसरी पारी 8 विकेट पर 306 रन से आगे बढ़ाई और पूरी टीम 319 रन बनाकर ऑलआउट हुई, जिसमें जम्मू-कश्मीर के उमर नजीर, सुनील कुमार और साहिल लोटरा ने तीन-तीन विकेट हासिल किए थे। हालांकि बल्लेबाजों द्वारा दिए गए 278 रनों के सुरक्षित स्कोर को गेंदबाजों ने आसानी से डिफेंड कर शेष भारत को चैंपियन बना दिया।

Leave a Comment